14 कोसी परिक्रमा मार्ग स्थित भौरापुर चौराहा के एक होटल में अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार रामसूरत पाल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल मौजूद रहे। वक्ताओं ने अहिल्याबाई होल्कर के सामाजिक सुधारों, न्यायप्रियता और जनकल्याणकारी कार्यों को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि विश्वनाथ पाल ने कहा कि युवाओं को लोकमाता के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।