अयोध्या के कुबेर टीला पर ट्रस्टी महंत दिनेन्द्रदासजी और मंदिर के अर्चकों ने विधि-विधान से शिवलिंग का अभिषेक किया। सावन माह के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का जल, दुग्ध और पंचामृत से अभिषेक किया गया। पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। अभिषेक के दौरान महंत दिनेन्द्रदासजी ने भगवान शिव की आराधना कर लोककल्याण, सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना की। मंदिर के अर्चकों ने भी वैदिक परंपरा के अनुसार पूजन संपन्न कराया। सावन के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने भी शिवलिंग के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।