भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण का 31वां वार्षिक दिवस महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्या में मनाया गया। इस अवसर पर विमानपत्तन निदेशक धीरेंद्र सिंह ने अध्यक्ष का संदेश पढ़कर सुनाया तथा केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मीडिया ब्रीफिंग में बताया गया कि अयोध्या हवाई अड्डे से अब बेंगलुरु, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, हिसार व नवी मुंबई के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं। अब तक करीब 22.50 लाख यात्री यहां से यात्रा कर चुके हैं। निदेशक ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए एटीएम, फूड आउटलेट्स, मुफ्त वाई-फाई जैसी सेवाएं शुरू की गई हैं, जबकि भविष्य में किड जोन, फ्लाइब्रेरी व उड़ान कैफे की योजना है। उन्होंने बताया कि एएआई को उत्कृष्ट रेटिंग मिली है और संगठन ने 93.21 अंक हासिल किए हैं, जो बेहतर सेवाओं का प्रमाण है।