भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि यह चुनाव का शंखनाद नहीं है, लेकिन कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं। मैं अभी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त हुआ हूं, लेकिन जिस तरह का उत्साह कार्यकर्ताओं में दिख रहा है, उससे कहा जा सकता है कि चुनाव 2027 में आए या 2028 में, हमारे कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी आज अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने हनुमानगढ़ी में दर्शन और पूजन किया। हनुमानगढ़ी दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए संगठन, कार्यकर्ताओं और आगामी चुनावों को लेकर बड़ा बयान दिया। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का अयोध्या की सीमा में प्रवेश के साथ ही भव्य स्वागत किया गया । पार्टी के नेताओं ने जगह-जगह विविध ढंग से स्वागत किया । कहीं पर एक क्विंटल से ज्यादा वजन की माला पहनाई गई तो कहीं पर जेसीबी से पुष्पवर्षा की गई । अयोध्या पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष ने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में विधिवत दर्शन किया।इसके बाद राम जन्मभूमि पहुंचकर भगवान श्रीराम के दर्शन किए। लखनऊ से अयोध्या तक जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया, जहां कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। अयोध्या पहुंचे भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि 14 दिसंबर को मुझे नई जिम्मेदारी मिली है।मैं सभी क्षेत्रों में जाकर कार्यकर्ताओं से मिल रहा हूं।अवध क्षेत्र की बात हुई तो हमने अयोध्या को चुना, ताकि हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि पर दर्शन और पूजन कर सकें। लखनऊ से अयोध्या तक कार्यकर्ताओं में जो उत्साह दिखा है, उससे मुझे पूरा विश्वास है कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी दी है, उसमें हम सफल होंगे।