केरल से आए 150 श्रद्धालुओं का दल प्रभु श्रीराम की पावन ज्योति लेकर मंगलवार को अयोध्या से अपने राज्य के लिए रवाना हो गया। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप में संकीर्तन कर श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। श्रीराम भक्त मंडली के राष्ट्रीय सचिव ब्रह्मचारी श्रीमनउन्नी ने बताया कि दल तीन बसों से करीब 3500 किलोमीटर की यात्रा कर पहली बार अयोध्या पहुंचा। उनके साथ प्रांत अध्यक्ष मधुसूदनन पिल्लई और रक्षाधिकारी स्वामी देवानंद पुरी भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि केरल में श्रीराम ज्योति का एक माह तक विभिन्न स्थानों पर भ्रमण कराया जाएगा। संकीर्तन और पूजन के उपरांत सभी श्रद्धालु श्रीराम ज्योति के साथ केरल के लिए प्रस्थान कर गए।