सीनियर पुरुष बॉक्सिंग चैंपियनशिप के आगाज के साथ बॉक्सिंग के पंच से रामनगरी अयोध्या गूंज उठी। इसमें 13 राज्यों के 120 मुक्केबाज रिंग में मुकाबला कर रहे हैं। जयपुरिया स्कूल के प्रांगण में राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने शनिवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन की ओर से आयोजित केएसई कप सीनियर पुरुष बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2025 का रजिस्ट्रेशन शुक्रवार को दिगंबर जैन मंदिर के आवासीय परिसर में हुआ था। इस दौरान देश के 13 राज्यों से आए 120 मुक्केबाजों ने पंजीकरण कराया था। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, बिहार, लक्षद्वीप, असम, हरियाणा, तमिलनाडु, दिल्ली, पंजाब, झारखंड, उत्तराखंड, राजस्थान, महाराष्ट्र और कर्नाटक के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। रजिस्ट्रेशन के बाद सभी मुक्केबाजों का वजन भी कराया गया था। इसके बाद लीग मैचों के लिए कम्प्यूटरीकृत सॉफ्टवेयर के माध्यम से ड्रा निकाला गया, जिसमें विभिन्न भार वर्गों के मुकाबलों की सूची तय की गई। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय और बॉक्सिंग संघ के राष्ट्रीय और प्रदेशीय पदाधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।