राम मंदिर की दान पेटिका में कथित अनियमितता के मामले ने अब नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्णा गौतम ने कहा कि दान पेटिका में छेड़छाड़ लोगों की आस्था से खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की कि राम मंदिर ट्रस्ट पूरे मामले में पारदर्शिता के साथ जवाब दे और निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा बैठक में कोई स्पष्ट जवाब दिए बिना दिल्ली चले गए। साथ ही सवाल उठाया कि आखिर उनसे किस बात का जवाब तलब किया गया। सपा के महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने भी मुख्यमंत्री और मंदिर निर्माण समिति से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मामले की सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के अयोध्या कार्यकर्ता डॉ. रजनीश सिंह ने भी शिकायत पत्र के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूरे मामले से अवगत कराया है। उन्होंने पत्र में दान पेटिका प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है। मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।