राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की जांच के लिए अब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने विशेषज्ञ पुलिस कर्मियों की फौज उतार दी है। हालांकि, इस मामले की रिपोर्ट राम जन्मभूमि थाने में दर्ज है, जिसकी विवेचना पुलिस क्षेत्र अधिकारी आशुतोष तिवारी कर रहे हैं। हाई प्रोफाइल हो चुके इस मामले की विवेचना पुलिस किसी भी स्तर पर चूक नहीं चाहती है। इसके लिए जिले के अलग-अलग स्थान में तैनात निरीक्षक, उप निरीक्षक, मुख्य आरक्षी आदि को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। सभी के लिए अलग-अलग रिपोर्टिंग अधिकारी बनाए गए हैं। टीमें दिन भर की छानबीन के बाद मिले इनपुट अपने रिपोर्टिंग अफसर और विवेचक से साझा करते हैं। उच्च अधिकारी इस पर पल-पल की नजर रख रहे हैं।