सिविल लाइंस स्थित सैकड़ों वर्ष पुराने राजकीय पुस्तकालय के कायाकल्प की शुरुआत हो गई है। ऐतिहासिक पुस्तकालय के उच्चीकरण और नई गैलरी निर्माण के लिए नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने भूमि पूजन कर परियोजना की शुरुआत की। अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से करीब 3 करोड़ 23 लाख रुपये की लागत से कार्य कराया जाएगा। परियोजना का वित्त पोषण आवास एवं शहरी नियोजन विभाग करेगा। कार्य को करीब नौ माह में पूरा करने का लक्ष्य है।