दिल्ली में हाल ही में हुई अग्निकांड की घटना के बाद अयोध्या में अग्निशमन विभाग सतर्क हो गया है। इसी क्रम में सिविल लाइन स्थित एक होटल में अग्नि सुरक्षा जागरुकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में होटल कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही होटल में आने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एग्जिट डोर, आपातकालीन निकासी मार्ग और अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग का अभ्यास कराया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने होटल के विभिन्न कमरों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करते हुए कर्मचारियों को बताया कि आग लगने पर घबराने के बजाय किस प्रकार तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। प्रभारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार पांडे ने बताया कि दिल्ली की घटना के बाद यह अभियान शुरू किया गया है ताकि रामनगरी के होटलों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि अयोध्या की सकरी गलियों में स्थित होटलों को चिन्हित कर उनकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्राचार भी किया जाएगा।