सरयू का जलस्तर बढ़ा, कैथी, महगूपुरवा व सल्लहापुर समेत कई गांवों में बाढ़ की आशंका रुदौली: तहसील क्षेत्र में सरयू नदी का बढ़ता जलस्तर अब तटीय गांवों के लिए चिंता का विषय बन गया है। मंगलवार सुबह नदी का जलस्तर 91.980 मीटर दर्ज किया गया, जो सोमवार रात के मुकाबले आठ सेंटीमीटर अधिक है। जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी से कैथी, महगूपुरवा, सल्लहापुर, माझा, अब्बूपुर और आसपास के कई गांवों में बाढ़ और कटान की आशंका गहरा गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि नदी का पानी इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो सबसे पहले माझा क्षेत्र के खेत जलमग्न हो जाएंगे। धान सहित खरीफ की फसल को भारी नुकसान होने की आशंका है। इसके बाद नदी किनारे बसे गांवों की आबादी पर भी खतरा बढ़ सकता है। ग्रामीण लगातार प्रशासन से कटान रोकने और राहत की तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं। वहीं तहसील प्रशासन का कहना है कि सरयू नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। राजस्व विभाग की टीमों को अलर्ट पर रखा गया है और बाढ़ संभावित गांवों में नियमित निगरानी की जा रही है। प्रशासन का दावा है कि जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जाएंगे। फिलहाल सरयू का बढ़ता जलस्तर किसानों और तटीय गांवों के लोगों की चिंता बढ़ा रहा है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में नदी का जलस्तर स्थिर होता है या फिर बाढ़ का खतरा और बढ़ता है।