रामनगरी अयोध्या एक बार फिर दिव्यता और भव्यता के अनुपम संगम की साक्षी बन रही है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ प्रतिष्ठा द्वादशी पर मंदिर परिसर में वैदिक अनुष्ठान चल रहा है। यज्ञशाला में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक अनुष्ठान जारी हैं। इस दौरान वास्तु पूजा के बाद गणहोम, तत्त्वकलश, तत्त्वहोम, सुदर्शन होम सहित अनेक वैदिक कर्मकांड संपन्न कराए जा रहे हैं। शाम को भक्तों के लिए विशेष देव दर्शन की व्यवस्था की गई है। इसी कड़ी में रामलला के उत्सव विग्रह की भव्य पालकी यात्रा मंदिर परिसर में निकाली गई। भक्ति, श्रद्धा और जयघोष से गूंजता परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आ रहा है। प्रतिष्ठा द्वादशी के सभी अनुष्ठान देश के विद्वान आचार्यों की ओर से जगद्गुरु मध्वाचार्य के निर्देशन में कराए जा रहे हैं। 31 दिसंबर को प्रतिष्ठा द्वादशी के मुख्य आयोजन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य यजमान के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर राम जन्मभूमि परिसर स्थित सप्त मंदिरों में से माता अन्नपूर्णा मंदिर पर रक्षा मंत्री की ओर से ध्वज फहराया जाएगा। इस ऐतिहासिक उत्सव के लिए संपूर्ण रामनगरी में सुरक्षा व्यवस्था को अत्याधुनिक बनाते हुए हाईटेक इंतजाम किए गए हैं। रविवार की छुट्टी होने के चलते सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ अपने आराध्य के दर्शन के लिए उमड़ी है।