राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस रिमांड पर लिए गए तीनों आरोपियों से 40 घंटे की पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे दोबारा जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस बुधवार सुबह 7:15 बजे आरोपियों को जेल से पूछताछ के लिए लेकर निकली थी। रिमांड के दौरान देर रात विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर महत्वपूर्ण बरामदगी की गई। सूत्रों के अनुसार, लवकुश मिश्रा के घर से करीब 35 हजार रुपये और उसके नाम का सोने का लॉकेट मिला। अनुकल्प मिश्रा के कौशलपुरी स्थित मकान से सोने की चेन, 15 हजार रुपये नकद और एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद हुई। वहीं, करुणेश पांडेय के किराये के मकान से करीब 10 हजार रुपये नकद मिलने की जानकारी है। पुलिस अनुकल्प मिश्रा के मकान, उसके भुगतान के स्रोत तथा मिल्कीपुर रोड स्थित जमीन के संबंध में भी जांच कर रही है। बरामदगी और पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को पुनः जिला जेल भेज दिया गया।