शारदीय नवरात्र के पहले दिन अयोध्या में श्रद्धालु आदि शक्ति की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। अयोध्या के सभी देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ जुटी है। भगवान श्रीराम की कुलदेवी मां बड़ी देवकाली के मंदिर में भोर से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। बड़ी देवकाली मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे हैं। मान्यता है कि यह मंदिर सदियों पुराना है। इस मंदिर की स्थापना भगवान श्रीराम के पूर्वज महाराज रघु ने करवाई थी। यहां महाकाली, महालक्ष्मी और महा सरस्वती एक ही शिलापट में विराजमान हैं। बड़ी देवकाली मंदिर की मान्यता यह भी है कि माता कौशल्या छठ के दिन मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम को यहां दर्शन कराने के लिए आईं थीं। भक्तों का मानना है कि माता के दर्शन-पूजन करने से सभी पापों से मुक्ति मिलती है और सभी संकट अपने आप ही मिट जाते हैं। यहां आने वाले हर श्रद्धालु की मनोकामना जरूर पूरी होती है। यही वजह है कि नवरात्र के पहले दिन से ही हर कोई यहां माथा टेकने जरूर आता है। ऐसे में देवकाली मंदिर परिसर में नवरात्र के पहले दिन मेले जैसा दृश्य बना हुआ है।