महाशिवरात्रि पर्व के उल्लास में डूबी रामनगरी अयोध्या में शनिवार को भगवान शिव के विवाहोत्सव की पारंपरिक रस्में पूरे विधि-विधान से सम्पन्न हुईं। प्राचीन नागेश्वर नाथ मंदिर में भोले बाबा को हल्दी अर्पित कर विवाह के लोकाचार निभाए गए। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा। महिलाओं ने मंगलगीत गाकर हल्दी की रस्म को उत्सवमय बनाया, जबकि श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर भोलेनाथ का अभिनंदन किया। मंदिर को आकर्षक रोशनी और पुष्प सज्जा से सुसज्जित किया गया है। दूर-दराज से आए शिवभक्तों की भीड़ सुबह से ही उमड़ने लगी। रविवार शाम भगवान शिव की भव्य बारात निकाली जाएगी। संत-महात्माओं, झांकियों और बैंड-बाजों के साथ निकलने वाली यह बारात नगर भ्रमण करेगी। मंदिर से जुड़े रितेश दास ने बताया मान्यता है कि शिव विवाह के इस उत्सव में सहभागी बनने से जीवन में मंगल और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है।