रामनगरी अयोध्या में शुक्रवार को माघ मेले के दौरान बसंत पंचमी का पावन स्नान श्रद्धा और आस्था के साथ जारी है। बसंत पंचमी के अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालु देश के विभिन्न हिस्सों से अयोध्या पहुंचे और पवित्र सरयू नदी में स्नान कर दान-पुण्य किया। प्रदेश सरकार द्वारा बसंत पंचमी को प्रांतीय मेले का दर्जा दिए जाने के बाद इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में विशेष बढ़ोतरी देखने को मिली। तड़के से ही सरयू के सभी प्रमुख घाटों पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की लंबी कतारें नजर आईं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से स्नान कर पीले वस्त्र धारण किए और पीले वस्तुओं का दान किया, जो बसंत पंचमी की विशेष परंपरा मानी जाती है। स्नान और दान के बाद श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए तथा हनुमानगढ़ी पहुंचकर पूजा-अर्चना कर परिवार और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।श्रद्धालुओं का कहना है कि माघ मेले में बसंत पंचमी का स्नान अत्यंत पुण्यदायी होता है। पर्व के मद्देनज़र प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरे अयोध्या धाम में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा और वातावरण “जय श्रीराम” के जयघोष से भक्तिमय हो गया।