रामनगरी अयोध्या एक बार फिर देश-दुनिया की नजरों में है। आगामी आठ अक्तूबर को यहां बृहस्पति कुंड का भव्य लोकार्पण होने जा रहा है। इस अवसर पर देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। बृहस्पति कुंड को विशेष तौर पर दक्षिण भारत के श्रद्धालुओं को समर्पित किया गया है। यहां दक्षिण भारतीय भक्ति संगीत के तीन दिग्गजों त्यागराज स्वामीगल, पुरंदर दास और अरुणाचल कवि की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जिनका लोकार्पण भी इसी दिन किया जाएगा। यह आयोजन अयोध्या की सांस्कृतिक विविधता और आध्यात्मिक विरासत को नई दिशा देने वाला साबित होगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। कमिश्नर राजेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने स्वयं गोल्फ कार्ट के जरिये बृहस्पति कुंड और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। टेढ़ी बाजार चौराहे सहित प्रमुख मार्गों का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, बैरियर व्यवस्थित करने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अयोध्या को एक स्वस्थ, स्वच्छ और आकर्षक शहर के रूप में प्रस्तुत किया जाए। बृहस्पति कुंड का लोकार्पण न केवल श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि यह आयोजन 'नव्य अयोध्या' की नई पहचान को भी दुनिया के सामने पेश करेगा।