रामनगरी में भी संतों की होली के साथ अवध की होली का आगाज हो गया है। 14 मार्च को मनाई जाने वाली होली में धूम मचने वाली है। बच्चे हों या जवान सभी लोग होली खेलने की तैयारी में जुट गए हैं। अयोध्या कैंट शहर में दुकानों पर होली के सामानों की खूब खरीदारी हो रही है। खासकर मोदी और योगी पिचकारी की धूम मची हुई है। यही नहीं पीएम मोदी का मुखौटा भी बच्चे लगाकर घूम रहे हैं। रामनगरी के बच्चों में मोदी और योगी का बहुत क्रेज है। बच्चे छोटे जरूर हैं लेकिन मोदी और योगी कौन हैं, इसके बारे में वह जरुर जानते हैं। बच्चे यहां तक कहते हैं कि मोदी और योगी अच्छा काम कर रहे हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक होली की तैयारी शबाब पर है। दुकानों पर रंग, गुलाल, पिचकारी, गुब्बारे और केमिकल से बने अन्य पदार्थ भी बिक रहे हैं। होली को लेकर जहां जिला प्रशासन अलर्ट है, वहीं आम जनता भी होली मनाने को लेकर अपनी तैयारी में है। पिचकारी बेचने वाले दुकानदार बंटी माखेजा ने बताया कि मोदी और योगी की पिचकारी की इतनी डिमांड है कि वह पूरा नहीं कर पा रहे हैं। मोदी और योगी की तारीफ करते हुए दुकानदार बंटी ने कहा कि जिस तरह से महाकुंभ का आयोजन हुआ, अयोध्या में राम मंदिर बना, यह सभी जानते हैं रामनगरी का बच्चा-बच्चा जानता है। आईए जानते हैं क्या कह रहे हैं दुकान पर पिचकारी खरीदने के लिए पहुंचे बच्चे।