अयोध्या में वैलेंटाइन्स डे के अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। क्षेत्राधिकारी नगर श्रीयश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस व महिला पुलिस टीम ने गुलाबबाड़ी और कंपनी गार्डन समेत प्रमुख पार्कों व शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में सघन जांच की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा युवाओं व आमजन को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। सीओ सिटी ने उपस्थित लोगों से अपील की कि किसी भी विषम परिस्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। अभियान के दौरान नगर कोतवाल अश्वनी पांडे सहित पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की सक्रियता से सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रही।