अयोध्या में रामायण वैक्स म्यूजियम के लोकार्पण के बाद शुक्रवार को तुरंत बाद पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उद्घाटित इस म्यूजियम में रामायण काल के प्रमुख प्रसंगों को मोम की आकर्षक प्रतिमाओं के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। श्रद्धालुओं ने म्यूजियम का अवलोकन करते हुए इसे अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को समझने का उत्कृष्ट माध्यम बताया। दर्शकों ने कहा कि यहां प्रदर्शित दृश्य इतने जीवंत प्रतीत होते हैं कि मानो वे स्वयं त्रेतायुग में पहुंच गए हों। भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान और अन्य पात्रों की प्रतिमाओं के साथ लोगों ने उत्साहपूर्वक सेल्फी भी ली। कई श्रद्धालुओं ने कहा कि यह म्यूजियम नई पीढ़ी को रामायण के आदर्शों, मर्यादाओं और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का कार्य करेगा। नगर निगम की ओर से परिक्रमा पथ पर विकसित यह वैक्स म्यूजियम अब अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बन गया है।