अयोध्या में समाजवादी पार्टी के नेता पवन पांडे ने सोमवार को सिविल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राम मंदिर दान प्रकरण को लेकर सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पांच जून को आरोपी अविनाश शुक्ला से धनराशि बरामद होने के बावजूद तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अनियमितता की जानकारी ट्रस्ट को उसी समय मिल गई थी, तब कानूनी कार्रवाई करने में देरी क्यों की गई। पवन पांडे ने आरोप लगाया कि सरकार और ट्रस्ट मिलकर पूरे मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं तथा जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में कई गंभीर सवाल खड़े होते हैं, जिनका जवाब अभी तक नहीं दिया गया है। उन्होंने एसआईटी जांच पर भी सवाल उठाते हुए इसे केवल दिखावा करार दिया। उनका कहना था कि इस जांच से किसी ठोस नतीजे की उम्मीद नहीं है और निष्पक्ष जांच तभी संभव है जब पूरे मामले में पारदर्शिता बरती जाए। इसके साथ ही चम्पत राय पर आरोप लगाया कि उन्होंने अयोध्या में स्थित एक मंदिर की मूर्ति और गहने ले लिए और उसकी कोई रशीद नहीं दिया। सपा नेता ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, इसलिए इस मामले की पूरी सच्चाई देश के सामने आनी चाहिए। उन्होंने सरकार से पूरे घटनाक्रम पर जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि 140 करोड़ देशवासियों की आस्था से जुड़े इस मामले में सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।