अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण में पुलिस की जांच लगातार तेज हो गई है। शुक्रवार को आरोपी अविनाश शुक्ला को पुलिस कस्टडी रिमांड पर बाहर निकाला गया था, जिससे पुलिस लाइन परिसर में लंबी पूछताछ हुई थी। इस दौरान एक कार भी बरामद हुई थी, जिसे चढ़ावा चोरी के पैसे से खरीदे जाने का दावा किया गया है। पुलिस ने 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के पास स्थित एक जगह भी चिन्हित की है, जहां आरोपियों के इकट्ठा होने का दावा किया गया है। इस बीच पुलिस ने आरोपियों के संपत्तियों के कई दस्तावेज जुटाए हैं। एक-एक करके चोरी की कड़ियां खुल रही हैं। जांच में अभी कई अन्य संपत्तियों के उजागर होने की भी आशंका है। उधर, जांच में यह बात भी सामने आई है कि फरवरी में ही इस मामले की एक बार चर्चा हुई थी। लेकिन व्यवस्था से जुड़े एक पर्यवेक्षक ने प्रभु सब देख ही रहे हैं कहकर पल्ला झाड़ लिया था। माना जा रहा है कि यदि उसी समय इसकी जांच हुई होती तो मामले का पहले ही खुलासा हो सकता था।