अयोध्या में चौक क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी सराय मस्जिद के पास शुक्रवार को जिला प्रशासन ने नजूल भूमि पर बने अवैध मकानों और दुकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की। भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कई निर्माण ध्वस्त किए गए। कार्रवाई के दौरान प्रभावित परिवारों को मौके पर ही मुआवजे के चेक भी वितरित किए गए। हालांकि कई लोगों ने मुआवजे की राशि को अपर्याप्त बताते हुए विरोध जताया। पीड़ितों का कहना था कि उन्हें इतना मुआवजा मिलना चाहिए जिससे वे दूसरी जगह जमीन खरीदकर मकान बना सकें। पीड़िता नजमा ने बताया कि उन्हें केवल 40 हजार रुपये का मुआवजा मिला है, जबकि उनके पति बीमार हैं और बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी उन पर है। प्रशासन के अनुसार सरकार इस भूमि पर लगभग 200 दुकानों वाला आधुनिक कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना पर कार्य कर रही है, जिसके लिए नजूल भूमि खाली कराई जा रही है।