अयोध्या में जिला जेल से 28 जनवरी की रात सुरक्षा बैरक से फरार हुए दो बंदियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम घोषित किया है। सीओ सिटी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देश पर फरार बंदी अमेठी के मुसाफिरखाना निवासी गोलू अग्रहरि और सुल्तानपुर के करौंदीकला क्षेत्र के अमरेमऊ निवासी शेर अली पर 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। सीओ सिटी के अनुसार दोनों बंदी हत्या, डकैती, लूट और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में जेल में निरुद्ध थे और 28 जनवरी की रात जिला जेल की चारदीवारी फांदकर फरार हो गए थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। आसपास के जिलों के साथ ही लखनऊ और दिल्ली समेत कई स्थानों पर तलाश की जा चुकी है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि आरोपियों के बारे में कोई जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।