अयोध्या में भीषण गर्मी का असर अब सुबह से ही दिखने लगा है। सोमवार को सुबह सात बजे ही तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे लोगों को दिन चढ़ने से पहले ही तेज गर्मी का एहसास होने लगा। दोपहर होते-होते लू के थपेड़ों ने शहर को तपाना शुरू कर दिया। गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप के कारण सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी। जरूरी काम से निकलने वाले लोग सिर और चेहरे को ढंककर घरों से बाहर निकले। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी दोपहर के समय सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। विभाग ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।