यूपी के अयोध्या में अग्रवाल सभा ने एक कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें शामिल होने के लिए आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने व्यापारियों को जीएसटी सुधारों की जानकारी भी दी। साथ ही राहुल गांधी पर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी को भारत के संविधान पर भरोसा नहीं है तो उन्हें इटली चले जाना चाहिए। तंज कसा कि शायद राहुल गांधी को इटली का संविधान ज्यादा पसंद हो, लेकिन भारत में रहने का अधिकार केवल उन्हीं को है जो देश के संविधान का सम्मान करते हैं। मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कई नेता संवैधानिक संस्थाओं पर बार-बार सवाल उठाते हैं। वे न्यायपालिका, कार्यपालिका, मीडिया और यहां तक कि चुनाव आयोग तक पर उंगली उठाते हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। बिहार चुनाव पर कहा कि लालू प्रसाद यादव के शासनकाल में भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर था। चोरी, डकैती और हत्या जैसी घटनाओं से बिहार त्रस्त था, लेकिन एनडीए सरकार आने के बाद हालात बदले और विकास की नई इबारत लिखी गई। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी।