अयोध्या में 'एक रविवार, हर परिवार, करे गंदगी पर प्रहार' अभियान के तहत रविवार सुबह नगर निगम क्षेत्र के सभी 60 वार्डों में एक साथ स्वच्छता महाअभियान चलाया गया। सुबह सात से 7:30 बजे तक चले अभियान में जनप्रतिनिधियों, नगर निगम कर्मियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, नगर निगम अधिकारियों और पार्षदों की मौजूदगी में विभिन्न वार्डों में सफाई अभियान चलाया गया। लोगों ने सड़कों, गलियों, सार्वजनिक स्थलों और अपने आसपास के क्षेत्रों में सफाई की। अभियान के लिए पिछले कई दिनों से पदयात्राएं, जनसंपर्क कार्यक्रम और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे थे। नगर निगम के अनुसार अभियान के लिए करीब 30 हजार लोगों ने पंजीकरण कराया था, हालांकि कई स्थानों पर जमीनी स्तर पर भागीदारी पंजीकरण संख्या के मुकाबले कम दिखाई दी। कुछ वार्डों में लोगों की अच्छी उपस्थिति रही, जबकि कई क्षेत्रों में अपेक्षित संख्या में लोग नहीं पहुंचे। नगर निगम अब विभिन्न वार्डों में हुए कार्य और सहभागिता का मूल्यांकन करेगा। पहले से घोषित योजना के अनुसार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वार्डों को प्रोत्साहन राशि और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। अधिकारियों ने अभियान को स्वच्छता के प्रति जन जागरुकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।