रामनगरी अयोध्या में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ हुए अपमान से लोगों में आक्रोश है। सिविल लाइन स्थित गांधी पार्क में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा की दोनों आंखें फोड़ दी, इतना ही नहीं, महात्मा गांधी का प्रतीकात्मक चश्मा भी गायब कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। समाजसेवी संगठनों और स्थानीय लोगों ने इस कृत्य को बेहद निंदनीय बताते हुए कड़ा विरोध जताया है। उनका कहना है कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि देश की आत्मा और अहिंसा के प्रतीक हैं, उनकी प्रतिमा के साथ इस तरह का व्यवहार पूरे समाज की भावनाओं को आहत करता है। समाजसेवी संगठनों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गांधी जी की प्रतिमा को तुरंत ठीक कराया जाए। उन्होंने प्रतिमा की दोनों आंखें दोबारा बनवाने और गांधी जी का चश्मा पुनः स्थापित करने की मांग की है। साथ ही दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की गई है। फिलहाल प्रशासन को सूचना दे दी गई है। स्थानीय लोग जल्द से जल्द कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।