अयोध्या जिला अस्पताल में जन औषधि केंद्र पर जन औषधि दिवस मनाया गया। देशवासियों में जेनेरिक दवाओं के प्रति जागरूकता और विश्वास पैदा करने के उद्देश्य से सात मार्च को देश भर में जन औषधि दिवस मनाया जाता है। यह दिन प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना की उपलब्धियों को मनाने का भी दिन है। केंद्र की मोदी सरकार की ओर से नवंबर 2016 को घोषित प्रधानमंत्री जन औषधि परियोजना में सरकार की ओर से उच्च गुणवत्ता वाली जेनेरिक दवाइयां बाजार मूल्य से 50 से 80% तक कम कीमत पर उपलब्ध कराई जाती हैं। आमतौर पर सभी दवाएं एक तरह से केमिकल साल्ट होती हैं। इन्हें शोध के बाद अलग-अलग बीमारियों के लिए बनाया जाता है। अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार हो रहा है। आजादी के बाद जितनी भी सरकारें आईं, स्वास्थ्य के क्षेत्र में कोई सुधार नहीं ला पाईं। जब से भाजपा सरकार आई है सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। सभी सीएचसी और पीएचसी पर दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। जगह जगह जन औषधि केंद्र भी खुले हुए हैं ताकि गरीबों तक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें।