रामनगरी अयोध्या में अग्निशमन विभाग की कीमती नाव सरयू नदी में गायब हो गई। नाव के गायब होने की सूचना शहर में आग की तरह फैली। इसके बाद अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस चार नाव महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में खरीदी गई थी। इसमें से एक कीमती नाव महाकुंभ के बाद अयोध्या की सुरक्षा में तैनात की गई थी। इस पर सुरक्षा बल की ड्यूटी भी लगाई गई थी।जानकारों की माने तो इस नाव की कीमत लगभग 24 लाख रुपये है।शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर सभी अधिकारी जब कार्यक्रम में व्यस्त थे, तब अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अग्निशमन विभाग की कीमती नाव के गायब होने की सूचना मिली। इसके बाद हड़कंप मच गया। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि नाव सरयू नदी में जहां बंधी थी, वहीं पर डूब गई थी। अब किन परिस्थितियों में नाव डूबी, बारिश के पानी की वजह से डूबी या किसी शरारती तत्वों ने उसको पानी में डुबो दिया, यह जांच का विषय है लेकिन इस पूरे मामले पर पुलिस ने कड़ी मशक्कत करते हुए नाव की तलाश शुरू की। स्थानीय गोताखोरों के साथ सिंचाई विभाग और एसडीआरएफ की मदद से अग्निशमन विभाग की अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कीमती नाव को बरामद कर लिया गया है। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि रात के अंधेरे में बारिश का पानी भरने से नाव डूब गई थी। नाव जहां बांधी गई थी, वहीं डूब गई थी। नाव को सरयू नदी में से बाहर निकाल लिया गया है।