फुरसतगंज। जायस के रानी हरबंसगंज गांव में मंगलवार शाम घर में अकेली मौजूद नवविवाहिता को बंधक बनाकर पिटाई करने और लाखों रुपये के जेवर व नकदी ले जाने का मामला सामने आया है। घायल महिला का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज में उपचार चल रहा है। पीड़िता ने फोटो के आधार पर घटना में शामिल दो संदिग्धों की पहचान करने का दावा किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अंकिता ने बताया कि मंगलवार शाम वह घर में अकेली थी और कपड़े सिल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान दो युवक घर में घुस आए। दोनों ने दुपट्टे से उसका गला कसते हुए तिजोरी की चाबी मांगी। विरोध करने पर उसकी पिटाई की गई, जिससे शरीर पर कई जगह चोटें आईं। पीड़िता के अनुसार, हमलावरों की पिटाई से वह अचेत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने तिजोरी की चाबी हासिल कर उसमें रखे करीब सात लाख रुपये मूल्य के जेवर और 10 हजार रुपये नकद निकाल लिए। घटना के बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। अंकिता का कहना है कि वारदात के दौरान दोनों युवक आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी बीच उसने एक आरोपी का नाम सुन लिया था। बाद में पुलिस की ओर से दिखाए गए फोटो में उसने दो संदिग्धों की पहचान की। जानकारी के अनुसार, अंकिता का विवाह 28 अप्रैल को आकाश के साथ हुआ था। विवाह के कुछ ही सप्ताह बाद हुई इस घटना से परिवार परेशान है। इंस्पेक्टर अमरेंद्र सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच हो रही है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई करते हुए खुलासा किया जाएगा।