15 सूत्रीय मांगों को लेकर शनिवार को तहसील पहुंचे भारतीय किसान यूनियन (भानु) कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर नोकझोंक हो गई। हंगामे के दौरान पुलिस संगठन के जिलाध्यक्ष को घसीटते हुए थाने ले गई। घटना के बाद करीब 20 मिनट तक तहसील परिसर में अफरातफरी का माहौल बना रहा। शनिवार को समाधान दिवस के दौरान किसान यूनियन के पदाधिकारी अपनी मांगों को लेकर तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान जिलाधिकारी तहसील पहुंचे और किसान नेताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन किसान नेता तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। आरोप है कि जिलाधिकारी के जाने के दौरान कुछ किसान नेताओं ने उनकी गाड़ी रोकने का प्रयास किया। इस पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह वाहन को वहां से रवाना कराया। डीएम के जाने के बाद विवाद और बढ़ गया। पुलिस किसान संगठन द्वारा लाए गए माइक लगे ई-रिक्शा को थाने ले जाने लगी। इस दौरान संगठन नेता अजय मिश्र उर्फ बिलसन बाबा और जिलाध्यक्ष शैलेंद्र मिश्र ने ई-रिक्शा रोकने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर पुलिस और किसान नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर पुलिस ने शैलेंद्र मिश्र को पकड़ लिया और घसीटते हुए थाने ले गई। घटना के बाद तहसील परिसर में काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। हालांकि बाद में मामला शांत कराया गया।