भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। कांग्रेस कार्यालय से तहसील तक प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बिजली कटौती से गांव और शहर दोनों जगह लोग परेशान हैं। गर्मी और उमस के कारण दिन के साथ रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। बिजली संकट से किसानों की सिंचाई, छात्रों की पढ़ाई और कारोबार प्रभावित हो रहा है। तहसील पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के माध्यम से सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाईं। उन्होंने बिजली आपूर्ति सुचारु कराने, लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने और अघोषित कटौती बंद कराने की मांग की। प्रदर्शन में राजीव लोचन, शुभम सिंह, आशीष शुक्ला, डॉ. अरविंद चतुर्वेदी, पवन दुबे, प्रदीप सिंह, डॉ. देवमणि तिवारी, राकेश मौर्य, लाल माधव सिंह, अब्दुल वाहिद, सुभाष सिंह, महावीर कोरी, आकाश शुक्ला, पंकज पांडे और मुन्ना सिंह त्रिसुंडी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।