भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर बुधवार को जिले में कांग्रेस पार्टी को और से श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया और उनके विकास कार्यों को नमन किया। गौरीगंज स्थित कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण के बाद हाईवे पर राहगीरों को पूड़ी-सब्जी और शरबत वितरित किया गया। इस मौके पर सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि राजीव गांधी ने कम समय में देश को तकनीक और विकास के पथ पर अग्रसर किया और अमेठी को राष्ट्रीय पहचान दिलाई। कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल, प्रदेश महासचिव योगेंद्र मिश्रा और कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को साझा किया। इस अवसर पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें संजय गांधी अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने कार्यकर्ताओं का परीक्षण कर सुरक्षित रक्त संग्रह किया, जो आपदा की स्थिति में उपयोगी होगा। पंचायती राज की नींव अमेठी से रखी जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह ने राजीव गांधी से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए बताया कि एक बार पंचायत भ्रमण के दौरान उन्होंने ग्रामीण सामाजिक व्यवस्था को नजदीक से समझा और यहीं से उनके मन में पंचायती राज की भावना जागी, जिसे उन्होंने बाद में पूरे देश में लागू किया। उन्होंने एक और घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक कार्यक्रम में जाते समय जब वह रास्ते में साइकिल से लौट रहे थे, तब राजीव गांधी ने उन्हें देखकर गाड़ी रुकवाई, बिस्किट खिलाए और अपने साथ कार्यक्रम स्थल तक ले गए।