कांग्रेस पार्टी की ओर से संविधान बचाओ अभियान के तहत बुधवार को बहादुरपुर स्थित निजी रिसोर्ट में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस आयोजन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और भारत के संविधान पर चर्चा की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद अमेठी किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि संविधान की मूल भावना को संरक्षित रखने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने की आवश्यकता है। संविधान बचाओ अभियान की शुरुआत अमेठी जिले से हुई है और इसे ब्लॉक स्तर तक पहुंचाया जाएगा। संविधान की जागरूकता के लिए कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता कड़ी मेहनत से इस अभियान में जुड़ेंगे। पूर्व एमएलसी दीपक सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार में जो संविधान संशोधन हुए वो देश की जनता के लिए हुए, परंतु वर्तमान सरकार में जो भी परिवर्तन संशोधन हो रहा है वह सिर्फ उद्योगपतियों के लिए किया जा रहा है। पूर्व न्यायाधीश धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि हमारी सेना बहुत ही ताकतवर है जो हर कठिनाई का सामना कर सकती है। सभी ने मिलकर भारत के संविधान की गरिमा और उसमें निहित अधिकारों को बचाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल, कांग्रेस नेता अनुज त्रिपाठी, शिव प्रसाद कश्यप, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, सुनील सिंह आदि मौजूद रहे।