जगदीशपुर के नोएडा और गाजियाबाद के औद्योगिक क्षेत्रों में उठी मजदूरी बढ़ोतरी की मांग की गूंज शनिवार को जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र में भी सुनाई दी। एक निजी इकाई में कार्यरत ठेका श्रमिकों ने अचानक काम रोककर मुख्य गेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे कुछ समय के लिए उत्पादन ठप होने की स्थिति बन गई और प्रबंधन में हलचल मच गई। शनिवार सुबह श्रमिक काम पर नहीं पहुंचे और गेट के बाहर जुटकर नारेबाजी करने लगे। उनका कहना था कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, जबकि मजदूरी में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में वेतन बढ़ाने पर सहमति बनने की खबरों के बाद यहां भी श्रमिकों ने अपनी मांग तेज कर दी। प्रबंधन, ठेकेदार और पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने श्रमिकों से बातचीत कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे तक चले विरोध के दौरान श्रमिक अपनी मांग पर अड़े रहे और तत्काल बढ़ी हुई मजदूरी की बात करते रहे। पुलिस की मौजूदगी में ठेकेदार ने मजदूरी बढ़ाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद श्रमिक धीरे-धीरे शांत हुए और काम पर लौट गए। इसके बाद उत्पादन व्यवस्था सामान्य हो सकी। घटना के दौरान किसी तरह की तोड़फोड़ या उग्र स्थिति नहीं बनी, मगर अचानक हुए इस प्रदर्शन ने श्रमिकों में बढ़ते असंतोष को सामने ला दिया। फैलने से पहले संभाली स्थिति प्रबंधन को आशंका थी कि अन्य इकाइयों के श्रमिक भी जुड़ सकते हैं। इसी कारण पुलिस और अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर मामला नियंत्रित कर लिया। थानाध्यक्ष मुकेश पटेल ने बताया कि श्रमिकों को उनका हक दिलाने का भरोसा दिया गया है। किसी की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। बढ़ती मांग से मिल रहे संकेत घटना शांत हो गई, मगर मजदूरी बढ़ोतरी की मांग ने साफ कर दिया है कि समय रहते समाधान न हुआ तो आने वाले दिनों में असंतोष बढ़ सकता है। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा वीडियो भी प्रसारित हुआ, जिसकी पुष्टि नहीं की जा सकी है।