सपा कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में जनता को गुमराह किया है। जनता दोनों के छलावे को जान चुकी है। अब उनकी दाल नहीं गलने वाली है। यह बातें सोमवार को जिले के एक दिवसीय दौरे पर आए जिले के प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। विकास की रफ्तार में तेजी आई है। एक्सप्रेस-वे के रुप में प्रदेश उभर कर सामने आ रहा है। प्रदेश के सभी जनपदों में विकास कार्य हो रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उपचुनाव नौ सीटों पर हो रहे हैं। प्रदेश की जनता भाजपा के विकास कार्यों को देख रही है। विपक्ष के छलावे का जवाब जनता इस उपचुनाव में देगी। भाजपा प्रदेश की सभी नौ सीटों पर जीत दर्ज करेगी। विपक्ष का सूपड़ा साफ होगा। उन्होंने सपा और कांगेस में सीटों के बटवारे को लेकर चल रहे मतभेद पर कहा कि यह दोनों पार्टियों का व्यक्तिगत विषय है।