लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व रायबरेली से सांसद राहुल गांधी का 20 मई को अमेठी का दौरा प्रस्तावित है। वह यहां कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने संग दिवंगत कांग्रेस जिला अध्यक्ष योगेंद्र मिश्र के परिवार से मुलाकात करेंगे। साथ ही संजय गांधी जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन आदि का लोकार्पण करेंगे। राहुल गांधी के आगमन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसके पूर्व 30 अप्रैल 2025 को वे दौरे पर अमेठी आए थे, जहां उन्होंने ऑर्डिनेंस फैक्ट्री और संजय गांधी अस्पताल का निरीक्षण किया था। राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर रविवार को सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय में बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, न्याय पंचायत एवं नगर इकाइयों के पदाधिकारी तथा बूथ स्तर के कार्यकर्ता से चर्चा की और उन्हें 2027 की तैयारियों संग एसआईआर पर विशेष ध्यान देने की बात कही। कहा कि कहा कि अमेठी कांग्रेस संगठन पर हमें फक्र है यह सम्मेलन कांग्रेस की विचारधारा, समर्पण और जनसेवा के संकल्प को और सुदृढ़ करने का अवसर है। अमेठी की जनता पूरे दिल से इसे ऐतिहासिक क्षण को यादगार बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। जनता ने हमेशा गांधी परिवार को अपने परिवार का सदस्य माना है। जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल व्यवस्थाओं की समीक्षा की। गांव-गांव में बैठक करने का निर्देश दिया। इसको लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। सांसद ने बताया कि 20 मई को सुबह 10:30 बजे गौरीगंज स्थित दिवंगत कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्र के परिवार से राहुल गांधी मुलाकात करेंगे। इसके बाद कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने के साथ ही मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल का निरीक्षण व हाईटेक अल्ट्रासाउंड मशीन का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान पूर्व विधायक राधेश्याम, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, अनिल सिंह, देवमणि शुक्ल, अनिल शुक्ल आदि मौजूद रहे।