जनसुनवाई के दौरान कार्यालय में कर्मियों के नहीं रहने व उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान करने की मिल रही शिकायत पर डीएम ने सख्त रुख अखितयार किया है। मंगलवार को अचानक अधीक्षण अभियंता सहित दो एक्सईएन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में एक्सईन विद्युत वितरण खंड गौरीगंज सहित 25 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। डीएम ने सभी का एक दिन का वेतन रोकते हुए जवाब देने को कहा है। डीएम निशा अनंत सबसे पहले सुबह 10:15 बजे सरायभागमानी स्थित अधीक्षण अभियंता विद्युत कार्यालय पहुंचीं, जहां 17 में से 11 कर्मचारी अनुपस्थित थे। इसके बाद 10:30 बजे 132 केवी विद्युत उपकेंद्र एवं कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया गया, यहां भी 12 में से 6 कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद नहीं मिले। इसके बाद 10:40 बजे विद्युत वितरण खंड अमेठी के अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंची। यहां भी 9 में से 6 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। यहां से निकलकर 10:55 बजे गौरीगंज स्थित विद्युत प्रथम कार्यालय में निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सहित दो कर्मचारी गैरहाज़िर मिले। डीएम ने समय से कार्यालय नहीं पहुंचे को गंभीर मामला मानते हुए सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं और उनसे स्पष्टीकरण तलब किया है। कहा कि जनहित से जुड़े विभागों में अनुशासनहीनता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।