अमेठी में नववर्ष के दूसरे दिन भी कोहरे के साथ पड़ रही कड़ाके की ठंड ने लोगों को कांपने पर मजबूर कर दिया है। वहीं घने कोहरे ने वाहनों की रफ्तार भी थाम दी। बढ़ी ठंड के चलते लोग गर्म कपड़ों के बावजूद भी जगह-जगह अलाव का सहारा लेते दिखे। क्षेत्र में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। इसके चलते आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। शुक्रवार को दूसरे दिन भी घने कोहरे के कारण पारदर्शिता बहुत कम रही। सड़कों पर वाहन लाइट के सहारे रेंगते नजर आए। करीब दोपहर तक हवा चलने के बाद कोहरा छटा लेकिन धुंध बनी रही। पिछले कई दिनों से चल रही पछुआ हवा ने गलन बढ़ा दी है, कड़ाके की सर्दी के बीच लोग कांपते नजर आए। गलन काफी बढ़ गई है गर्म कपड़ों के बावजूद भी घरों मे लोग एवं सड़कों पर राहगीर ठिठुरते नजर आए। अभी तक शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाजारों में जगह-जगह लोग अलाव जलाकर अपने को सेकते नजर आए। भीषण ठंड ने पशु पक्षियों को भी बेहाल कर दिया है।