यूपी के अमेठी में पशुओं की सेहत सही रखने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया जा रहा है। पशु पालन विभाग ने बृहस्पतिवार से एफएमडीसीपी राउंड-7 के अंतर्गत खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव का सातवां चरण शुरू करने की घोषणा की है। अभियान की शुरुआत जिलाधिकारी हरी झंडी दिखाकर करेंगे। इस चरण में जिले के समस्त विकास खंडों में विशेष टीमें सक्रिय रहेंगी। अभियान के दौरान 4,20,261 गोवंशीय और महिषवंशीय पशुओं को निःशुल्क टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण कार्य पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार गांव-गांव पहुंचकर किया जाएगा, जिससे अधिकतम पशुपालकों को लाभ मिल सके। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर गोपाल कृष्ण शुक्ल ने बताया कि खुरपका-मुंहपका एक संक्रामक रोग है, जो पशुओं की उत्पादकता पर प्रतिकूल असर डालता है। समय पर टीकाकरण होने से दुग्ध उत्पादन सुरक्षित रहता है और पशुओं की कार्यक्षमता बनी रहती है। अभियान के साथ-साथ ईयर टैगिंग भी की जाएगी, जिससे पशुओं की पहचान और स्वास्थ्य संबंधी विवरण सुरक्षित रह सकें। टीकाकरण के दौरान चार माह से कम आयु वाले पशु और आठ माह से अधिक गर्भावस्था वाले पशु अलग रखे जाएंगे। पशुपालकों से अपील की गई है कि टीम के गांव में पहुंचने पर अपने पशुओं को उपलब्ध कराएं और टीकाकरण प्रक्रिया में सहयोग दें। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने कहा कि इस अभियान से जिले के पशुओं को खुरपका-मुंहपका रोग से राहत मिलेगी।