अमेठी में भादर ब्लॉक के दहियावां में विलेज हेल्थ एंड न्यूट्रिशन डे (वीएचएसएनडी) सत्र आयोजित हुआ। गांव निवासी दो अभिभावकों ने अपने तीन बच्चों का टीकाकरण कराने से इन्कार कर दिया। सूचना पर पहुंचे सीएमओ के समझाने बुझाने के बाद बच्चों को टीका लग सका। दहियावां गांव निवासी सुरेश कुमार अपने पांच वर्षीय व तीन वर्षीय बच्चों का करीब तीन सत्र से टीकाकरण करवाने से मना कर रहे थे। वहीं महेश कुमार भी अपने नौ माह के बच्चे का भी टीकाकरण कराने से इन्कार कर रहे थे। शनिवार को भी दोनों अभिभावकों ने कर्मियों से टीकाकरण कराने से इन्कार किया तो मौजूद कर्मियों ने मामले की सूचना सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह को दी। सत्र में पहुंचे सीएमओ दोनों अभिभावकों के घर पहुंचे और उन्हें समझाया बुझाया। साथ ही टीकाकरण के फायदे आदि के बारे में जानकारी दी, इसके बाद तीनों बच्चों को टीका लग सका। यहां निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनुपस्थित मिलीं और मौके पर एएनएम कोमल, आशा अनीता सिंह और सीएचओ प्रियंका मौजूद मिलीं। मौके पर चार गर्भवतियों की जांच और 14 बच्चों का टीकाकरण किया गया था। सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि अगर कोई भी अभिभावक समय पर टीका लगवाने बच्चों को लेकर नहीं आ रहे हैं तो उन्हें समझाएं। फिर भी अगर बच्चों का टीकाकरण कराने के लिए इन्कार करते हैं तो मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को तत्काल दें। कहा कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं होना चाहिए।