अमेठी में पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच जिले की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। अब जिले के 16,16,891 मतदाता पंचायत की सरकार चुनने में अपनी भूमिका निभाएंगे। पंचायत चुनाव में यही मतदाता ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के प्रतिनिधियों की किस्मत तय करेंगे। अंतिम सूची के अनुसार जिले में 8,34,064 पुरुष और 7,82,827 महिला मतदाता पंजीकृत हैं। पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से 51,237 अधिक है। पंचायत निर्वाचन नामावली के पुनरीक्षण और संशोधन के बाद जारी यह सूची आगामी पंचायत चुनाव का आधार बनेगी। मतदाताओं के आंकड़ों पर नजर डालें तो जिले का हर आठवां मतदाता अकेले जगदीशपुर विकासखंड में है। यहां 2,04,605 मतदाता दर्ज किए गए हैं। सिंहपुर और जामो क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। वहीं शाहगढ़ में सबसे कम 67,544 मतदाता पंजीकृत हैं। पुरुष मतदाता महिलाओं से 51,237 अधिक है। मतदाताओं की यह स्थिति पंचायत चुनाव में विभिन्न विकासखंडों की राजनीतिक अहमियत भी तय करेगी। जिले में 682 ग्राम पंचायतों के लिए 934 मतदान केंद्र और 2,489 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।