अमेठी में शनिवार को उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा की प्रथम पाली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक 10 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हुई। निर्धारित 3600 अभ्यर्थियों में 1177 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जबकि शेष अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। जिले में दो दिन तक चलने वाली इस भर्ती परीक्षा में कुल 14,400 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की आई स्कैनिंग और बायोमीट्रिक जांच की गई। जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। केंद्रों के बाहर भी पुलिस कर्मी तैनात रहे। परीक्षा के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र के आसपास रुकने की अनुमति नहीं दी गई। कई परीक्षा केंद्र शहर से दूर होने के कारण अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए ई-रिक्शा लगाए गए थे। इन वाहनों की मदद से अभ्यर्थी समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचे। केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था भी सामान्य रही। परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकल रहे अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र पर अपनी प्रतिक्रिया दी। गौरीगंज स्थित श्री रनंजय इंटर कॉलेज केंद्र से बाहर आए अभ्यर्थी नितिन कुमार ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर सामान्य था। अधिकतर प्रश्न पाठ्यक्रम के अनुसार पूछे गए थे। उनका कहना था कि समय कम होने के कारण कुछ प्रश्न हल नहीं हो सके। अभ्यर्थी प्रियंका ने बताया कि पेपर समझने में कठिनाई नहीं हुई। कई प्रश्न सीधे थे, इसलिए हल करने में अधिक समय नहीं लगा। हालांकि अंत के कुछ प्रश्न जल्दबाजी में छोड़ने पड़े। राहुल कुमार ने कहा कि प्रश्नपत्र संतुलित रहा। सामान्य ज्ञान और तर्कशक्ति से जुड़े प्रश्न अधिक थे। समय थोड़ा और मिलता तो सभी प्रश्न हल किए जा सकते थे। सोनाली ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर प्रवेश प्रक्रिया व्यवस्थित रही। जांच के बाद ही कक्ष में भेजा गया। प्रश्नपत्र आसान लगा, मगर समय कम होने के कारण कुछ प्रश्न छूट गए। प्रशासन के अनुसार परीक्षा की दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। सभी केंद्रों पर पूर्व निर्धारित व्यवस्था के साथ परीक्षा कराई जा रही है।