अमेठी में लगातार बढ़ रहे तापमान ने लोगों की आंखों की परेशानी बढ़ा दी है। भीषण गर्मी और लू के कारण आंखों का पानी सूख रहा है। इससे आंखों में लालपन, जलन और संक्रमण की शिकायत तेजी से बढ़ रही है। डॉक्टरों का कहना है कि लापरवाही बरतने पर आंखों की रोशनी तक प्रभावित हो सकती है। जिले में कई दिनों से तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। चिलचिलाती धूप, गर्म हवाएं और धूल-गुब्बार का असर अब लोगों की आंखों पर साफ दिखाई देने लगा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 40 से 50 मरीज आंखों में दर्द, जलन, लाली और सूजन जैसी समस्याओं को लेकर पहुंच रहे हैं। नेत्र रोग विशेषज्ञ मरीजों को आई ड्रॉप देने के साथ आंखों को नियमित ठंडे पानी से धोने की सलाह दे रहे हैं। नेत्र सर्जन डॉ. राजीव वैश्य ने बताया कि तेज धूप और गर्म हवा के सीधे संपर्क में आने से आंखों की नमी कम हो जाती है। इससे ड्राई आई, एलर्जी और संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। लगातार मोबाइल, टीवी और लैपटॉप स्क्रीन देखने वाले लोगों में यह समस्या और गंभीर हो रही है। कई मरीजों में आंखों की जलन के साथ सिरदर्द, चक्कर, बुखार और उल्टी-दस्त जैसी शिकायतें भी सामने आ रही हैं। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। बाहर निकलते समय धूप का चश्मा पहनने, आंखों को बार-बार ठंडे पानी से धोने और बिना डॉक्टर की सलाह के दवा इस्तेमाल न करने की अपील की गई है। सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में मौसम जनित बीमारियों के इलाज के लिए पर्याप्त दवाएं और गंभीर मरीजों के उपचार की पूरी व्यवस्था की गई है।