हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में एक जनवरी से 18 फरवरी तक होने वाली सर्दियों की छुट्टियों में छात्रावासों को खुला रखा जाएगा। छात्र संगठनों की ओर से उठाई जा रही मांग के बाद वार्डन कमेटी की बैठक में इस पर सहमति बन गई है।
अब जनजातीय क्षेत्र के छात्र और शोधार्थियों के लिए यह छात्रावास खुले रहेंगे। इसके अलावा इन छुट्टियों में जो छात्र इंटर्नशिप, कोर्स में शामिल ट्रेनिंग, प्रोजेक्ट आदि के जरूरी कार्य के चलते छात्रावास में रुकना चाहेंगे उन्हें भी यह सुविधा मिलेगी लेकिन इसके लिए मंजूरी लेनी होगी। वार्डन कमेटी की बैठक से प्रस्ताव मंजूरी के लिए कुलपति को भेजा है। इस पर सोमवार तक फैसला आने की उम्मीद है। इसके बाद छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को छात्रावास में ठहरने के लिए आवेदन करने का समय दिया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग के चेयरमैन और वार्डन से अनुमति लेनी पड़ेगी। इसके बाद ही छात्रों को छात्रावास में रुकने की सुविधा मिलेगी।
अन्य आम छात्रों को छात्रावास खाली करने होंगे। विवि प्रशासन इन सर्दियों में पीएम उषा की ओर से मिलने वाले बजट से छात्रावासों की बड़े स्तर पर मरम्मत और रंग रोगन का कार्य करने वाला है। इसलिए छात्रावासों को खाली करवाया जाना है। पीजी की परीक्षाओं के दिसंबर अंत तक समाप्त होने के बाद आम छात्रों को छात्रावासों को खाली करना होगा। विवि शोधार्थियों के लिए एक या दो छात्रावास और आम छात्रों के लिए भी एक या दो छात्रावास ही खुला रखने की तैयारी है। इससे छात्रों और छात्राओं को सर्दियों में दूसरे छात्रावासों में शिफ्ट किया जा सकता है। विवि के चीफ वार्डन प्रो. आरएल जिंटा ने कहा कि शोधार्थियों और बर्फबारी वाले क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास खुले रखे जा सकते हैं। इसके अलावा जिन छात्रों को जरूरी शैक्षणिक कार्य हैं वह भी अनुमति लेकर छात्रावासों में रुक सकते हैं।