आज यानी मंगलवार को पूरे राजस्थान में मकर संक्रांति मनाई गई। जयपुर और सीकर समेत प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को दिनभर पतंगबाजी से आसमान सतरंगी रहा। जयपुर में सूरज ढलने के बाद लैंटर्न (लालटेन) और आतिशबाजी से रात में आसमान जगमगा उठा।
जयपुर के जलमहल पर सीएम भजनलाल शर्मा और डिप्टी सीएम दीया कुमारी के साथ तमाम जनप्रतिनिधियों ने पतंग उड़ाई। सिसोदिया रानी का बाग में बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार और परेश रावल ने खूब पेंच लड़ाए। दोनों एक्टर फिल्म 'भूत बंगला' की शूटिंग के लिए जयपुर आए हुए हैं।
उधर, शहर की छतों पर दिन भर लोगों की चहल-पहल और पतंगबाजी का उत्साह देखने लायक रहा। रंग-बिरंगी पतंगों से सजे आसमान और धुनों की गूंज के बीच पतंगबाजी का शोर हर गली में सुनाई दे रहा था। इससे पहले सुबह-सुबह लोग मंदिर और गोशालाओं में गए। गायों को चारा खिलाया और अपने ईष्टदेव के दर्शन किए।
बांसवाड़ा में चाइनीज मांझे से बाइक सवार युवक की गर्दन कट गई। उसके 10 टांके आए। चूरू के कोतवाली थाना क्षेत्र में पतंग उड़ाते समय नाबालिग छत से गिर गया। वह गंभीर घायल हो गया। वहीं, पांच हजार किलोमीटर का सफर कर जयपुर के पास सांभर झील पर आया दुर्लभ पक्षी ग्रेट व्हाइट पेलिकन चाइनीज मांझे से जख्मी हो गया।