टोंक के मालपुरा में आज एक दूल्हा अपनी दुल्हन को लेने हेलीकॉप्टर से यहां पहुंचा। ग्राम खुरी लुनियावास,तहसील सांगानेर का रहने वाला दूल्हा भोजराज सिंह पुत्र सर्वदमन सिंह अपनी दुल्हन जयश्री राजावत पुत्री बद्रीसिंह राजावत निवासी भावगढ़ बंध्याज, लुनियावास, तहसील सांगानेर के साथ सात फेरे लेने के लिए हेलीकॉप्टर से यहां पहुंचा।
डिग्गी के गढ़ परिसर में आयोजित अपनी शादी में भाग लेने के लिए दूल्हा हेलीकॉप्टर से डिग्गी नुक्कड़ के पास बने अस्थाई हेलीपैड पर पहुंचा। हेलीकॉप्टर से दूल्हे की आने की सूचना पर आसपास के ग्रामीण हेलीपैड के पास जमा हो गए।
आज गढ़ पैलेस डिग्गी में शादी संपन्न होने के बाद कल दूल्हा और दुल्हन हेलीकॉप्टर से ही डिग्गी से वापस रवाना होंगे। दूल्हे ने अपनी इस अनूठी एंट्री को लेकर बताया कि हम दोनों की इच्छा थी कि हम अपनी शादी में कुछ अनोखा करें। इसलिए शादी करने हेलीकॉप्टर से आया हूं और शादी के बाद दूल्हन को भी हेलीकाप्टर से ही लेकर जाऊंगा। परिवार के खास पांच मेहमान भी हेलीकॉप्टर से ही साथ आए हैं।
बहरहाल शादी के लिए हेलीकॉप्टर से दूल्हे के पहुंचने के चर्चे आसपास के गांवों तक फैले हैं और ग्रामीण हेलीकॉप्टर देखने के लिए वहां जमा हो गए।