सीकर जिले के जीणमाता थाना क्षेत्र में 400 रुपये के लेनदेन के विवाद में 10 साल के मासूम की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। मृतक का शव खंडहरनुमा धर्मशाला के बरामदे में मिला। मौके पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर जांच शुरू की। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मृतक की मां के बयान के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
जानकारी में सामने आया कि आरोपी एक युवक से उधार दिए 400 रुपये वापस मांग रहा था। युवक बार-बार रुपये लौटाने की बात कहता था मगर लौटा नहीं रहा था। रुपये वापस नहीं मिलने से नाराज आरोपी ने युवक के छोटे भाई दस वर्षीय केशव को बहाने से बुलाकर पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। घटना के दौरान मृतक की मां और बड़ा भाई मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे। स्थानीय लोगों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने करवाया मृतक बच्चे के शव का पोस्टमार्टम
जीण माता में हुई बच्चे की हत्या के बाद पुलिस ने सोमवार को मृतक केशव का पलसाना अस्पताल की मोर्चरी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया है। पुलिस ने बच्चे का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ा
जीण माता इलाके में हुई बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है। जानकारी के अनुसार पकड़े गए आरोपी का नाम गोल्डू है। वह मृतक बच्चे के बड़े भाई से रुपये मांगता था। रुपये नहीं देने पर वो बच्चे को बहला फुसला कर अपने साथ ले गया और बाद में जीण माता बस स्टैंड के पास स्थित वन विभाग की चौकी में ले जाकर सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।