जिले की नेछवा पुलिस ने सोमवार शाम अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक किसान गेहूं और प्याज की फसल के बीच अफीम उगा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने खेत की तलाशी ली और अवैध फसल को नष्ट कर दिया। तलाशी के दौरान पुलिस को 2100 अफीम के पौधे मिले, जिनका कुल वजन 187.94 किलोग्राम आंका गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी किसान सांवरमल कार्रवाई से पहले ही फरार हो गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। नेछवा थाना अधिकारी ने बताया कि यह अभियान अवैध अफीम की खेती को रोकने की दिशा में एक अहम कदम है। पुलिस ने खेत से बरामद अफीम को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने स्थानीय लोगों से अवैध नशीली पदार्थों की खेती या व्यापार की सूचना तुरंत देने की अपील की है ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तेजी से प्रयास कर रही है।